25 अक्टूबर को ग्राम कलाल्दा और अजगरिया पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, सुरक्षा, यातायात और वीआईपी रूट की व्यवस्थाओं की समीक्षा

बड़वानी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित बड़वानी जिला दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के ग्राम कलाल्दा स्थित गायत्री धाम और ग्राम अजगरिया पहुंचने के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को डीआईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान निमाड़ रेंज खरगोन की डीआईजी सिमाला प्रसाद, बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह और पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने हेलिपैड, वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा घेरा, प्रवेश-निकास द्वार और विश्राम स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी सिमाला प्रसाद ने ड्यूटी पर तैनात होने वाले पुलिस बल को समय पर उपस्थित रहने, सतर्कता बरतने और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
वहीं, आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, वाहनों की पार्किंग के लिए उचित प्रबंध करने तथा कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकास के रास्ते व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।
आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेगा बैकअप प्लान
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थलों पर यदि कोई कमी पाई जाती है, तो उसे समय रहते दूर करने तथा सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा गया।
कलेक्टर जयति सिंह ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।

गायत्री धाम परिवार से भी की चर्चा
निरीक्षण के दौरान डीआईजी सिमाला प्रसाद और पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने गायत्री धाम परिवार के पंकज पाटीदार और विश्वनाथ उर्फ बंटी पाटील से मुलाकात कर कार्यक्रम की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, एसडीओपी राजपुर बी.एल. अटोदे, डीएसपी महिला सुरक्षा कैलाश चौहान, डीएसपी अजाक निलेश्वरी डावर, रक्षित निरीक्षक गजेन्द्रसिंह निंगवाल, रजनी भार्गव, थाना प्रभारी वरला नारायण रावल, थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण ओमप्रकाश चांगोड सहित पुलिस एवं सिविल प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा विभागीय समन्वय को प्राथमिकता देते हुए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
