मां की स्मृति में सांसद गजेंद्र सिंह पटेल की अनूठी पहल, जनजातीय विद्यार्थियों के लिए छात्रावास भवन का लोकार्पण l

बड़वानी में श्री वाल्मीकि वनवासी आश्रम के छात्रावास भवन का शुभारंभ, शिक्षा, संस्कार और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण पर दिया जोर ।

बड़वानी। खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने अपनी पूज्य माताजी स्व. सुशीलादेवी उमरावसिंह पटेल की स्मृति में बड़वानी स्थित श्री वाल्मीकि वनवासी आश्रम के छात्रावास भवन का लोकार्पण किया। यह छात्रावास लंबे समय से जनजातीय समाज के जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवास और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

जनजातीय बच्चों को शिक्षित करना हम सभी का दायित्व : सांसद पटेल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि देशभर में वनवासी कल्याण परिषद विभिन्न आश्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज के उत्थान, शिक्षा और संस्कारों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस परिसर से उनका पुराना आत्मीय संबंध रहा है। बचपन में वे अपने माता-पिता के साथ यहां आया करते थे। उस समय परिसर में केवल एक कमरा हुआ करता था। सीमित संसाधनों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर अनाज और सहयोग एकत्रित किया तथा सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया।

सांसद पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज के बच्चों को शिक्षित करना, उन्हें अच्छे संस्कार देना और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है। आश्रम में रहकर शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भविष्य में जिम्मेदार, संस्कारवान और राष्ट्रभक्त नागरिक बनें, यही इस सेवा कार्य का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि लोकसभा क्षेत्र में भी आश्रमों के लिए लगभग एक करोड़ रुपये के सहयोग से संबंधित प्रयास किए गए हैं।

जनजातीय संस्कृति और महापुरुषों की विरासत को सहेजने पर जोर

सांसद ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को समझना तथा संरक्षित रखना आवश्यक है। भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के महापुरुषों के जीवन, विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

उन्होंने समाज में भ्रम और विभाजन पैदा करने वाले प्रयासों के प्रति जागरूक रहने की बात कहते हुए आपसी एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय विचारों को मजबूत करने का आह्वान किया।

शराब, दहेज और अनावश्यक खर्च जैसी कुरीतियों को दूर करने की अपील

सामाजिक समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद पटेल ने कहा कि गांवों में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति अनेक परिवारों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। शराब, दहेज और डीजे के नाम पर होने वाले अनावश्यक खर्च जैसी सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए जनजागरण जरूरी है।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रबुद्धजनों, युवाओं और सामाजिक संगठनों को मिलकर इन बुराइयों के खिलाफ आगे आना चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

‘We Will Do It—हम करके रहेंगे’ के संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण का आह्वान

सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सकारात्मक सोच, सामूहिक प्रयास और दृढ़ संकल्प के साथ ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने ‘We Will Do It—हम करके रहेंगे’ का भाव आत्मसात कर सभी से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पूज्य माताजी की स्मृतियों को सेवा के संकल्प से जोड़ते हुए जनजातीय समाज के बच्चों को शिक्षा, संस्कार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

ये रहे कार्यक्रम में उपस्थित

कार्यक्रम में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री रमेश बाबू, क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुभाष बड़ोले, वनवासी कल्याण परिषद मध्यभारत के प्रांतीय अध्यक्ष शौभागसिंह मुजाल्दे, प्रांत उपाध्यक्ष शिवकांत विजयवर्गीय, प्रांत संगठन मंत्री तिलकराज दांगी, पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल, पूर्व सांसद सुभाष पटेल, वनवासी कल्याण आश्रम बड़वानी के जिला अध्यक्ष डॉ. गणेश चौहान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *